भारत बचाओ रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटी कांग्रेस, आर्थिक मंदी-बेरोजगारी के होगें अहम मुद्दे

दिल्ली। कांग्रेस की ‘भारत बचाओ’ रैली आज रामलीला मैदान में हो रही है। भारत बचाओ’ रैली का मकसद बीजेपी सरकार की विभाजनकारी नीतियों को उजागर करना है। पार्टी के शीर्ष नेता रैली को संबोधित कर मोदी सरकार की विफलताओं और देश के नागरिकों को बांटने के कथित प्रयासों को जनता के सामने उजागर करेंगे।
बता दें कि भारत बचाओ रैली में हिस्सा लेने के लिए देश के कोने-कोने से लाखों कांग्रेस कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं। कांग्रेस पार्टी आर्थिक मंदी, किसान विरोधी नीतियों, महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बेरोजगारी और संविधान पर हमले को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ आज दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली कर रही है. इसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार जिस नीति के तहत काम कर रही है, उसमें जनता के प्रति जवाबदेही बिल्कुल भी नहीं है।देश की जनता चाहती है कि कांग्रेस पार्टी देश के चहुंमुखी विकास के लिए देश का नेतृत्व करे, उन्होंने कहा कि यह रैली देश को एक नई दिशा देगी।
राजस्थान के उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि आज देश में जैसी परिस्थितियां हैं और केंद्र की बीजेपी सरकार जिस प्रकार से अराजकता के साथ राज कर रही है, उससे जनता परेशान है। बढ़ती मंहगाई, गिरती अर्थव्यवस्था व बेरोजगारी के कारण जनता को मूलभूत आवश्यक वस्तुओं के लिए भी समझौता करना पड़ रहा है।